साझा करें

स्वर्ग में एक अपहरण
कल्पना-कथा
art-felx.com
अध्याय 2 — साक्षात्कार

‘क्या हम सब कुछ-न-कुछ भूलकर ही मरते हैं?’ नीचे उड़ती बत्तखों के झुंड को देखते हुए आँरी तूतरेक ने मन-ही-मन सोचा। ‘क्या यह संकेत है कि ज़िंदगी में कभी-कभी पंखों की एक ही फड़फड़ाहट में हम अपने पुराने पर उतारकर नए धारण कर लेते हैं?’

वह और ऊँचा उड़ गया। वर्षा लाने वाले निंबोस्ट्रेटस बादलों की ऊँचाई पर आकाशलोक की ओर ले जाता लंबा आरोहण एकाएक थम गया। अपनी अंतिम यात्रा के साथ उसकी निरर्थक टिप्पणियाँ भी समाप्त हो गईं।

तभी एक विचित्र, बिल्कुल नया संसार उसके सामने खुल गया।

— आपकी अनंतता मंगलमय हो, मित्र! पासवर्ड मालूम है? नाक पर अर्धचंद्राकार आधा चश्मा टिकाए उसे घूरते एक देवदूत ने जल्दी-जल्दी पूछा।

उस दिव्य प्राणी का चेहरा किसी पाठक जैसा था (शायद बिल्कुल आपके जैसा)। घुटनों के नीचे पिंडलियों के बीच तक लटकता बहुत ढीला सफ़ेद चोग़ा पहने वह चॉकलेट आइसक्रीम से बने पुस्तक-स्टैंड के सामने खड़ा था। पंखधारी पहरेदार के पीछे किसी बड़े शहर के सार्वजनिक पुस्तकालय जैसा मनमोहक दृश्य फैला था। वहाँ स्फटिक के आवरण वाली किताबें थीं, जिनके काँच के पन्ने पानी या किसी जेल की तरह लचीले थे। छोटे-बड़े ग्रंथ देखने वाले की नज़र के इशारे पर खुलते और बंद होते थे। ऊपर हवा में तैरते पंखे थे, जिनकी बर्फ़ के फाहों जैसी पत्तियाँ कभी-कभी नन्हे इंद्रधनुष बिखेरती थीं।

— क्या कहा?… मौत गुज़र जाने के बाद भी ‘पास’ होने के लिए पासवर्ड चाहिए? आँरी ने पलटकर कहा; इस पल वह पूरी ज़िंदगी की तुलना में अधिक होश में था। उसने अपने सचमुच मर जाने का यक़ीन करने के लिए उँगली में चिकोटी काटी। दर्द हुए बिना चिकोटी काट पाना उसे ख़ूब मज़ेदार लगा।

— जल्दी कीजिए! मेरे पास और भी काम हैं! गले में अबेकस लटकाए भटकी आत्माओं का स्वागत करते रहना है क्या! ज़रा अपना हुलिया तो देखिए! देवदूत ने यह सब कहते हुए उकताए भाव से कुछ नामी धर्मग्रंथों के परस्पर विरोधी संस्करण पलटे।

इंद्रधनुष की एक महीन लकीर उसके बेदाग़ पंखों को हल्के से छू गई। अपनी असामान्य रूखाई पर पछताता हुआ वह प्राणी अधिक स्पष्ट, अधिक विनम्र बनने लगा। श्रद्धा से भरी शिष्टता छा गई।

— मेरे अत्यंत प्रिय महोदय, अपना परिचय देने का हमें तुच्छ-सा परम सौभाग्य मिल रहा है। इस समय हमारा गौरवशाली नाम ‘आलू के छिलके’ है, देवदूत ने खोखली आवाज़ में, अंततः गरिमामय लहज़े के साथ कहा।

— कितना बेवक़ूफ़ी भरा नाम है! आँरी ने बेधड़क प्रतिक्रिया दी।

— आपकी राय से हम सहमत हैं। मगर हम कर ही क्या सकते हैं? यहाँ सब कुछ पुनर्चक्रित होता है! वस्तुएँ, भाषाएँ, नाम, यहाँ तक कि तुतलाहट भी। मनुष्य और दूसरी बुद्धियों की फ़िज़ूलख़र्ची की क़ीमत हमें चुकानी पड़ती है। लेकिन मुझे कोई चिंता नहीं। देवदूतों का संघ हमें किसी भी वक़्त पहचान बदलने की अनुमति देता है।

— अद्भुत! मुझे भी नए-नए रूप अपनाना अच्छा लगता है। पर अगर आप अपना नाम बदलें तो पता कैसे चलता है कि किसी दूसरे देवदूत ने भी वही नामपट्टी नहीं चुन ली?

— ऐसा होते ही हमारी नाक में खुजली उठती है और इस चेतावनी पर हम तुरंत नाम बदल लेते हैं। बस! फिर पूछता हूँ: पासवर्ड है आपके पास?

— कुछ सुराग दे सकते हैं?… कोई इतिहास? उस भले आदमी ने उलटे सवाल किया।

— पासवर्ड के बारे में कुछ भी बता दिया तो आपकी अंतर्दृष्टि और तर्कशक्ति तेज़ हो जाएगी। क्या पता इस पर हमारी आदरणीय उँगलियों पर चपत लग जाए, आलू के छिलके ने पुस्तकालय की शेल्फ़ की ओर हल्की फूँक छोड़ते हुए उत्तर दिया।

तभी एक अनमोल छोटी पुस्तक हवा में मुलायम टेढ़े-मेढ़े रास्ते से तैरकर आलू के छिलके के पास आई; उसने मात्र एक स्पर्श से उसे सही पन्ने पर खोल लिया।

— मगर हमें कुछ बातें जाँचनी होंगी…

और देवदूत पढ़ने लगा…

— पासवर्ड की रचना और स्वीकृति महादेवदूतों के संघ ने प्रसिद्ध ‘पातूशालापोम’ (अर्थात ‘सेब को मत छूना’) प्रकरण के बाद की थी। उसमें एक नींद में चलने वाला देवदूत अचेत भटकते-भटकते नरक में जा पहुँचा था। सौभाग्य से वह नींद में ही वापस आने का रास्ता ढूँढ़ लाया। यह सुरक्षा आपके जैसे चालाक अवांछित मेहमानों को रोकने के लिए भी है, जो शायद अपने कौशल से हमारे शांत निवास में घुसना चाहें। पर यदि आप उन्हीं में से हैं तो आपका नाम इस पुस्तिका के अंत में दर्ज होगा…

उसने किताब का आवरण हल्के से छुआ और अभिलेखों के हिस्से पर पहुँचा। पन्ना बिल्कुल कोरा था। कुछ भी नहीं लिखा था।

शर्म के मारे आलू के छिलके का रंग नीला पड़ने लगा।

— यह तो ख़ाली है! एक भी नाम नहीं! न आपका, न आपके किसी दूसरे नाम का! कोई नहीं! आपका यहाँ हमारे सामने खड़ा होना सामान्य बात नहीं।

छिलके घबराकर सोचने लगा।

— कहीं आपकी कोई छोटी-सी बेईमान मंशा तो नहीं थी हमें धोखा देने की? आप यहाँ खड़े हैं, चालबाज़ों की सूची में आपका नाम नहीं और जवाब भी आपको मालूम नहीं।

— अगर आपकी उड़ने वाली किताबों में मेरा नाम खोजना इतना मुश्किल है तो ज़रूर पादरी तूराबाले ने मुझे शाप दिया होगा! या शायद बत्तखों की उड़ान ने मेरी आत्मा को रास्ते से भटका दिया। बताइए… यहाँ आने वालों को जवाब पता कैसे चलता है? आँरी ने किसी छल या छिपे इरादे के बिना पूछा।

पहरेदार शर्म से नीला पड़ गया। वह लाल नहीं पड़ सकता था: भाव कोई भी हो, देवदूतों की भावनाएँ नीले रंग से प्रकट होती हैं। धीमे-धीमे साँस लेते छिलके सोच रहा था कि संभावित चाल में कोई कमी कैसे खोजे। ‘क्या इसे बता दूँ कि पासवर्ड “हू दूदला दिल्दली” है?’ वह देवदूत मन-ही-मन सोचता रहा; यह बच्चों जैसा संकेत उसके दिव्य मस्तिष्क में झूल रहा था।

— बात कुछ उबाऊ होने वाली है, मगर मैं यहीं अपनी अनंतता ज़रा लंबी करना चाहूँगा। मुझे शैतान की दावत में सीख पर भुने हुए मांस का निवाला बनने से बचा सकते हैं? आँरी बुदबुदाया, ताकि स्वर्ग के वातावरण को और ठंडा बनाती ख़ामोशी टूटे।

देवदूत हँस पड़ा।

आँरी ने ध्यान दिया था कि देवदूत कभी उसकी आँखों में नहीं देखता, बल्कि बोलते समय लगातार उसके माथे को घूरता रहता है।

— मेरी आँखें अब भी हैं न? आँरी चिल्लाया और बेचैन हाथों से आँखों के गड्ढे टटोलकर जाँचने लगा कि सब कुछ सही-सलामत है।

— हा! हा! हा! ही! ही! देवदूत ठहाका लगाकर हँसा।

यह देवदूत की दूसरी हँसी थी। वह अब भी सावधान और कुछ तना हुआ दिखाई देता था। शौकिया मूर्तिकार के माथे से उसकी नज़र नहीं हट रही थी। उसे हँसना नहीं चाहिए था, क्योंकि यदि कोई सेराफ़, महादेवदूत या ड्यूटी पर तैनात कोई भी रक्षक तीन बार हँस दे तो अद्भुत कायापलट हो जाता है। वह कमल के फूल में बदल जाता है और अनगिनत घंटों तक अपनी नन्ही नौकरी की गंभीरता पर ध्यान लगाता रहता है। इसलिए वह पहले की दोनों हँसियाँ मन में गिनकर रखे था।

— लेकिन…! मेरे माथे में क्या ख़राबी है?… जब मैं किसी से बात करता हूँ तो चाहता हूँ कि वह सीधा मेरी आँखों में देखे! आँरी ने बिना ज़रा भी लिहाज़ किए ऊँची आवाज़ में कहा।

तूतरेक की यह लगभग बचकानी, अत्यंत भावुक प्रतिक्रिया देवदूत को फिर गुदगुदाने लगी; तीसरी हँसी रोकना अनिवार्य था… कर्तव्य से डगमगाया, मगर अभी पराजित नहीं हुआ छिलके तुरंत सँभल गया।

— चिंता मत कीजिए, महोदय। आपके सारे अंग सही जगह हैं। जब कोई आत्मा हमसे बात करती है, चाहे कितनी ही पवित्र क्यों न हो, हम उसके माथे को ध्यान से देखकर हमेशा उसकी अखंडता और सच्चाई जाँचते हैं।

— तीसरी आँख? समझ गया… आँरी बोल पड़ा।

— बिल्कुल! जब तक स्वर्ग में आपका बाक़ायदा निवास नहीं हो जाता, यह तीसरी आँख दिखाई देती रहती है। संक्षेप में, हम इसकी पुतली को ध्यान से देखते हैं। वह फैलती है तो साबित होता है कि सामने वाला झूठ बोल रहा है। सिकुड़ती है तो भी वही हमें धोखा दे रहा है, देवदूत ने व्यंग्य से समझाया।

— यह बेतुका है! तब आप सच और झूठ में फ़र्क़ कैसे करते हैं?

— इस तीसरी पलक के नियमित झपकने से हम सत्य पहचान लेते हैं।

— और यदि मैं, आँरी तूतरेक, कहूँ कि मैं पलक नहीं झपकाता और अपनी तीसरी आँख पर कॉन्टैक्ट लेंस पहनता हूँ तो!

— आपने पलक बिल्कुल नहीं झपकाई। लेकिन ‘झपकाता’ कहते वक़्त आपकी पुतली फैल गई और ‘कॉन्टैक्ट लेंस’ कहते ही सिकुड़ गई। इसके अलावा आप छद्मनाम इस्तेमाल कर रहे हैं।

संदेह में डूबा आँरी, ठीक सुना है या नहीं यह जाँचने के लिए, सिर पर हाथ फेरकर काल्पनिक तीसरा कान तलाशने लगा।

हतप्रभ। अचानक चुप।

— अभी पासवर्ड रहने दीजिए, श्रीमान तूतरेक। आपका असली नाम क्या है? यानी… मेरा मतलब आपके दोहरे, बल्कि अनेक नामों से है, देवदूत ने पूछताछ फिर शुरू की। आँरी की वजह से उठती गर्मी की लहरों को दूर भगाने के लिए वह पंख फड़फड़ा रहा था; बर्फ़ की पंखुड़ियों वाले पंखे अब काफ़ी नहीं थे।

— भूल गया! आँरी ऐसे गुनगुनाया मानो कोई शरारत करने जा रहा हो।

— आह! आप भूलने का नाटक कर रहे हैं, क्योंकि आपकी पुतली…

आलू के छिलके को वाक्य पूरा करने का मौक़ा नहीं मिला।

— मेरा असली नाम जानना है तो अपनी किताबों पर फूँक मारिए। वे ख़ुद जवाब दे देंगी, आँरी ने तीखा जवाब दिया।

— आपका नाम! देवदूत गरजा और एक बाँह नरक की ओर तान दी।

उस अधिकारपूर्ण इशारे से आँरी के चेहरे पर ऐसी शक्ल आ गई जैसे कोई बच्चा पतलून गीली कर बैठा हो। देवदूत को और नाराज़ न करने के लिए उसने जल्दी और चुपके से जाँच लिया कि पेशाब तो नहीं निकला। फिर अपना पहला और आख़िरी नाम बता दिया।

— नाम द प्लूम, जूजू सिटी के महापौर ने उत्तर दिया।

— क्या कहा? देवदूत ने दोहराने के लिए पूछा।

— नाम द प्लूम! मेरा पहला नाम हमेशा ‘नाम’ था और पारिवारिक नाम ‘द प्लूम’। जब तक मैंने नाम नहीं बदला था, तब तक मेरा नाम यही था। धरती पर जैसा कहते हैं, नाम बुरा नहीं है—और सुनने में ‘कलमी नाम’ का खेल भी है!

देवदूत स्पष्टतः हँसी रोक रहा था, क्योंकि उसे हँसना मना था।

— आपको यह मज़ेदार लगता है? मेरा बपतिस्मा ‘आलू के छिलके’ नाम से हुआ होता तो मैं इतना नहीं हँसता। और… और… अपनी आलू की खाल में मैं बड़ा असहज महसूस करता। बस! और… कृपया, जलने की बू आने से पहले मेरी आख़िरी इच्छा मानिए: मुझे आँरी कहिए। मैं इसी पहले नाम के साथ मरा हूँ।

— क्षमा कीजिए, श्रीमान नाम द प्लूम तथा अन्य नामों के स्वामी। हमारी झुँझलाहट बाहर निकल गई। मैं और मेरे साथी एक-दूसरे के नामों का इतना मज़ाक उड़ाते हैं कि आपका नाम सुनकर हँस पड़ने की इच्छा स्वाभाविक, लगभग अजेय थी। अब हमें हँसते-हँसते पेट में बल पड़ने से बचने का प्रयत्न करना होगा, क्योंकि एक स्वर्गीय नियम कहता है: ‘स्वागत-ड्यूटी पर नियुक्त कोई देवदूत अपनी ड्यूटी के दौरान दो बार से अधिक नहीं हँसेगा।’

— क्यों? हँसना सेहत के लिए अच्छा होता है! फिर पवित्रता के लिए कैसा? आँरी ने अपने सामने वाले की कमज़ोरी भाँपते हुए पूछा।

थोड़ा विराम आया। मानो दोनों एक-दूसरे को और अच्छी तरह पढ़ना चाहते हों।

— सच तो यह है कि हमें बिल्कुल नहीं मालूम, देवदूत-अफ़सरों को यह आचार-संहिता लिखने का विचार क्यों आया। मानता हूँ, यह कम-से-कम अजीब तो है; और मूर्खता से हमने आपको इसका भेद बता दिया।

— धरती पर भी यही हाल है। नौकरशाही ही नौकरशाही!

— जब स्वीकारोक्ति हो ही रही है, श्रीमान आँरी नाम द प्लूम तूतरेक, तो सुनिए: कर्तव्य निभाते हुए हमने कभी अपनी मुस्कान की मांसपेशियाँ नहीं खींचीं। दरअसल हम नई पाली के कर्मचारी हैं। ड्यूटी पर तैनात महादेवदूत को दिव्य द्रव की जाँच के लिए ख़ास छुट्टी मिली थी; हमें बिलकुल अंतिम घड़ी में, पंख फड़फड़ाते हुए, उसकी जगह लेनी पड़ी। अच्छा! अपनी रिपोर्ट में यह भी लिखूँगा कि ‘नाम द प्लूम’ वाला तुच्छ मज़ाक मेरे गले की घंटी को कुछ गुदगुदा गया था। लेकिन मैं तीसरी बार नहीं हँसा।

छिलके ने अपने आपको सँभाला और फिर गंभीर, लगभग कठोर हो गया। जैसे किसी भयावह नाटक का अभिनेता। वह कुछ याद करने का प्रयत्न कर रहा था।

— हम एक छोटी-सी बात भूल गए। आपको नरक भेजने से पहले हमें आपके जीवन की जाँच करनी होगी। हम पर यह ज़िम्मेदारी है कि आपको अपनी जीवनकथा कहने दें—जैसे फाँसी के क़ैदी को अंतिम सिगरेट दी जाती है। मान लीजिए आप आख़िरी बार मनोवैज्ञानिक के पास आए हैं।

आँरी ने टिप्पणी की…

— धरती पर अगर कोई मनोवैज्ञानिक से आख़िरी मुलाक़ात करता है, तो दो कारण होते हैं। या तो आपके पास पैसा नहीं बचा, या दो मुलाक़ातों के बीच वह मनोवैज्ञानिक किसी पंथ में शामिल हो गया। मैं अब आपको अपना जीवन बताऊँगा—न अपना दुख उड़ेलूँगा, न आपकी झोली में एक पैसा डालूँगा। बताइए, मुझे लेटना कहाँ है?

— अपने विदूषकी करतब सँभालकर रखिए। हम हँसना नहीं चाहते। फूँऽऽ!… और इस नियम को तोड़ने के परिणाम हम भलीभाँति जानते हैं। शुरू करने के लिए किसका इंतज़ार है, श्रीमान द प्लूम? देवदूत ने गरजकर कहा।

(चूँकि पाठकों और कथावाचक की समय-संबंधी अनुभूति देवदूतों तथा अनंतकाल के दूसरे निवासियों की अनुभूति से अलग है, इसलिए निम्नलिखित सारांश आवश्यक है।)

तो आँरी का जन्म उनतीस फ़रवरी को हुआ। साधारण बात। उसके माता-पिता शराबी थे और दोनों अल्ज़ाइमर रोग से पीड़ित। यह भी साधारण बात। बैरन और बैरोनेस द प्लूम ने, ख़ुद गोद लिए जाने की अपनी अर्जी अस्वीकार होने पर, उसे एक पुराने अनाथालय में भूल छोड़ा। उस समय आँरी चार वर्ष का था और अपना पहला जन्मदिन मना रहा था…

कई वर्षों तक अनाथालय का प्रबंधन उसके लिए पालक-परिवार तलाशता रहा। बीमारी की हद तक पहुँची झिझक के बावजूद आँरी चुने जाने से बचने के लिए बहुत कारगर मसखरापन करता। संभावित माँ-बाप के सामने वह निदेशक को ‘पापा’ कहता, लेकिन उससे पहले संस्थान की दवा-अलमारी से चुराया तेज़ जुलाब ले चुका होता। इस हुनर से वह कुछ समय तक फिर भुला दिया गया… लेकिन वह मैरिलिन को नहीं भूला। एक दिन, जब क़र्ज़ के आवेदन को मोटा करने के लिए अनाथालय के सभी बच्चों की तस्वीरें खींची जा रही थीं, तब आख़िर आँरी पर ध्यान गया। बीस साल की उम्र में भी उसका लंगोट पहनना सबको विचित्र लगा। वह तो बस नन्हे अनाथ बच्चों में छिपना चाहता था। उस रात तकिए के नीचे रखी मैरिलिन की तस्वीर ने उसके आँसुओं और शिकायतों को सोख लिया…

अपने को ठुकराया हुआ महसूस कर, चार्ली चैप्लिन की तरह हाथ में पोटली और जेबों में अपनी बचत रखकर वह भाग निकला।

कई दिनों तक चलते-चलते वह एक विशाल रेत के टीले के सामने पहुँचा। वहाँ एक बूढ़ा आदमी छोटी फावड़ी से सुंदर रेत के महल बना रहा था। आँरी ने जेब-चाकू की सहायता से सूखी टहनी से उसके लिए एक छोटी खिलौना-गुलेल, यानी कैटापल्ट, गढ़ दी। दोनों की तुरंत दोस्ती हो गई।

वह वृद्ध, जिसके पास अरबों की दौलत थी मगर कोई वारिस न था, उस बड़े टीले पर पूरे-के-पूरे शहर बना रहा था! उसने आँरी से दूसरा खिलौना माँगा, फिर तीसरा।

अपने बूढ़े मित्र की मृत्यु के बाद आँरी को उसके शेयर, निवेश, जायदादें और सबसे बढ़कर उसकी फावड़ी विरासत में मिलीं। फिर उसने खिलौनों का कारख़ाना स्थापित किया।

आगे की कहानी तो आप जानते ही हैं…

अपनी कथा के अंत में आँरी ने दृढ़ निश्चय से देवदूत की ओर पीठ फेरकर कहा:

— नरक किस तरफ़ है? बाईं ओर? दाईं ओर? नीचे?… मुझे तो शैतान के काँटेदार भाले की परछाईं तक दिखाई नहीं देती।

आगे »